मैंने सोचा था कि यह एक-दो जगह की बात है, पर मैं बहुत दुःखी हो चुकी हूँ, हर जगह अपना नाम अनुराधा लिखा पाकर. इसीलिये मुझे यह पोस्ट लिखनी पड़ रही है. मैं सभी ब्लॉगर बंधुओं से अनुरोध करती हूँ कि कृपा करके मेरा सही नाम लिखें. मेरा नाम आराधना है, जो मेरे माता-पिता ने बहुत सोच-समझकर बड़े प्यार से रखा था. यदि इस नाम के उच्चारण में आपको परेशानी हो तो आप मेरा स्वयं का रखा हुआ नाम “मुक्ति” ले सकते हैं, पर मेरा नाम बदलकर अनुराधा मत रखिये.
मेरा नाम आराधना रखे जाने के पीछे भी एक कहानी है. लोग आमतौर पर बेटा होने की मन्नतें माँगते हैं, लेकिन मैं उन गिनी-चुनी भाग्यशाली लड़कियों में से एक हूँ, जिसके पैदा होने के लिये ईश्वर से आराधना की गयी थी. इसीलिये मेरा नाम आराधना रखा गया. बात यह है कि मेरी दीदी अम्मा-बाबूजी की शादी के दस-ग्यारह साल बाद पैदा हुई थीं. तब तक मेरी माँ को उस विशेषण से विभूषित किया जा चुका था, जिसे यहाँ लिखना भी मुझे मुश्किल लग रहा है. माँ ने निःसंतान होने का दुःख वर्षों झेला था. इसलिये उन्हें अपनी बेटी से बहुत लगाव था. पर दीदी के बहुत दिनों बाद भी कोई संतान न होने से माँ बहुत परेशान रहने लगीं. तब उन्होंने कठोर व्रत-उपवास रखने आरंभ किये और ईश्वर से मनाया कि उन्हें अपनी बेटी के साथ खेलने के लिये एक और बेटी ही दे-दे. यानि विकल्प के रूप में मुझे माँगा गया. तब दीदी के पैदा होने के साढ़े आठ साल बाद मैं माँ की गोद में आयी. मेरे माता-पिता दोनों ने मेरे जन्म पर बढ़चढ़कर खुशियाँ मनायी थीं.
मेरे पिताजी संस्कृत के बड़े ज्ञाता थे. इसलिये उन्होंने मेरा नाम “आराधना” रखा, जो कि शुद्ध संस्कृत शब्द “आराधनम्” से बना है. इसकी व्युत्पत्ति है- आ उपसर्ग+राध् धातु+ल्युट् प्रत्यय. और इसके अनेकों अर्थ हैं, जैसे-प्रसन्नता, संतोष, सेवा, पूजा, अर्चना, उपासना, प्रसन्न करने के उपाय, सम्मान करना, आदर करना, पूर्ति, दायित्व, निष्पत्ति आदि. इन अनेकों अर्थों में मेरा नाम जिस तात्पर्य से रखा गया, वह दोहरा है- एक, माँ ने ईश्वर की आराधना करके मुझे माँगा, दूसरा, ईश्वर ने मुझे देकर माँ को संतुष्ट किया या प्रसन्न किया.
मुझे पता है कि यह नाम थोड़ा कठिन है, दूसरी बात अनुराधा नाम अधिक लोकप्रिय है. इसलिये मैंने ब्लॉग लिखने के लिये एक छोटा नाम “मुक्ति” रख लिया. पर मुझे मेरा वास्तविक नाम बहुत प्रिय है.
तो जो नाम इतने गूढ़ अर्थ को द्योतित करता है, उसे आप बदलिये तो मत. मुझे दुःख होता है, क्योंकि यह नाम मुझे इस बात की याद दिलाता रहता है कि मैं विशेष हूँ, क्योंकि मैं अपनी माँ की आराधना और पिता की विद्वत्ता का परिणाम हूँ. यह नाम मेरे उन माता-पिता की निशानी है मेरे साथ, जो अब इस संसार में नहीं हैं.
Posted in बातें
Tagged आराधना, नाम, बाबूजी, माँ