कल रात से मूड बहुत खराब है और ये पोस्ट मैं अपनी फ़्रस्टेशन निकालने के लिये लिख रही हूँ. रात में “रोड, मूवी” नाम की एक फ़िल्म देखी. फ़िल्म अच्छी लगी या बुरी, पता नहीं. पर उसे देखकर मन बड़ा खराब हो गया. जाने क्यों?
तीन दिन से जे.एन.यू. जाना पड़ रहा है, एक सेमिनार में. समस्या यह है कि कली को कहाँ रखूँ? एक दिन तो अपनी बिल्डिंग में ही परोपकारी भाई लोग के यहाँ छोड़ दिया. कली उन लोगों से घुली-मिली है. पर, पढ़ने वाले बच्चों को रोज़ परेशान नहीं किया जा सकता. इसलिये आज कली को एक गरीब भाईसाहब के यहाँ छोड़ा. ये भाईसाहब सब्ज़ी बेचते हैं और मुहल्ले के पीछे झोपड़पट्टी डालकर सपरिवार रहते हैं. फिज़िकली चैलेन्ज्ड हैं, पर उनके काले-काले चेहरे पर सफेद दंतपंक्तियाँ चमकती रहती हैं, मतलब हैप्पीडेंट वाली मुस्कुराहट, रोशनी बिखेरती हुई, सबको रोशन करती रहती है. सुबह-सुबह उनकी गरीबी देखकर मूड खराब हो गया. इसके अलावा और हो भी क्या सकता है?
जे.एन.यू. में एक सज्जन ने पूछा “आप करती क्या हैं” “मैं रिसर्च कर रही हूँ” “हाँ, वो तो ठीक है, पर आप करती क्या हैं?”…कुछ समझ में आया. रिसर्च करना, कुछ न करने के बराबर है. लोग सोचते हैं कि एक तीस साल की औरत को सेटेल हो जाना चाहिये…इसका मतलब या तो उसे गृहस्थी बसा लेनी चाहिये या नौकरी करनी चाहिये. इतनी उम्रदराज़ औरत बिना कुछ किये कैसे रह सकती है?…अब बताओ? अगर मैं न नौकरी करना चाहूँ और न ही गृहस्थिन बनना तो? मुझे आवारगी पसन्द है. पड़े-पड़े किताबें पढ़ना अच्छा लगता है. आपको क्या तकलीफ़ है?
फिर मेट्रो में, डी.एम.आर.सी. ने मुस्टंडे चौकीदार लगा रखे हैं, लोगों को कायदे से चढ़ने-उतरने के लिये. लेकिन लोग हैं कि ट्रेन आते ही भरभराकर गिर पड़ते हैं एक-दूसरे के ऊपर और ठुँस जाते हैं डिब्बे में. इतना कसे रहते हैं कि कभी-कभी दरवाजा बन्द होना मुश्किल हो जाता है और ट्रेन खड़ी…बार-बार वार्निंग बजती है—”कृपया दरवाजे से हटकर खड़े हों…please stand clear of the door”… पर सब यही सोचते हैं कि ये एनाउंसमेंट दूसरों के लिये है…लाइन-वाइन का भी कोई मतलब ही नहीं…मन करता है कि इन लोगों को चलती ट्रेन से धक्का दे दूँ, पर मेट्रो रेल में ये संभव नहीं…(जैसे संभव होता तो धकेल ही देती)
अपने स्टेशन पहुँचकर बाहर निकली तो देखा कि बारिश हो रही है, पर इसमें खुश होने वाली कोई बात नहीं. थोड़ी सी बारिश, ऐसा लगता है जैसे तवे पर पानी पड़कर भाप बनकर उड़ गया हो…और भाप ज्यादा जलाती है क्योंकि उसकी गुप्त ऊष्मा अधिक होती है. इत्ती सी बारिश से मुखर्जीनगर के सीवर नाराज़ होकर सड़क पर निकल पड़ते हैं…और आदमियों के खिलाफ धरना दे देते हैं…शुक्र है हमारे मुहल्ले में स्थिति कुछ बेहतर है.
कली को लेने ‘पगारत पंडित’ भाई (गरीब भाई साहब का नाम) के यहाँ पहुँची तो कली ने मेरा बड़े औपचारिक ढंग से स्वागत किया और फिर पगारत भाई के कुत्ते के साथ खेलने लग गई…मेरे दिल को बड़ी ठेस लगी. कली ने पहले कभी ऐसा नहीं किया. मैं जब उसे पट्टा पकड़कर लाने लगी तो वो अड़ गई…आखिर मुझे उसको उठाकर लाना पड़ा.
अब बताइये मूड नहीं खराब होगा????